झारखंड में पर्यटक अब ग्लास ब्रिज पर स्काई वॉक का ले सकेंगे आनंद, इन जगहों पर होगा निर्माण 

News Saga Desk

झारखंड। झारखंड के पर्यटकों के लिए एक नया और रोमांचक अनुभव होने जा रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर राज्य के तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों पर जल्द ही ग्लास ब्रिज और स्काई वॉक की सुविधा शुरू की जाएगी। यह योजना बिहार के राजगीर में बने ग्लास ब्रिज की तर्ज पर लागू की जा रही है।
राज्य के रांची जिले के दशम फॉल, हुंडरू फॉल और नेतरहाट के मंगोलिया प्वाइंट पर ग्लास ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। पर्यटन विभाग ने इसके लिए आवश्यक जमीन की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली है और राजगीर में ग्लास ब्रिज निर्माण का कार्य करने वाली परामर्शी कंपनी से संपर्क कर लिया है। परामर्शी कंपनी को तीनों स्थानों पर ग्लास ब्रिज बनाने के लिए विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया है।

पर्यटकों की संख्या का आकलन भी होगा

ग्लास ब्रिज के निर्माण के लिए विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट में पर्यटकों की संभावित संख्या का आकलन भी किया जाएगा। इसके तहत परामर्शी कंपनी को इन स्थानों पर आनेवाले पर्यटकों की संख्या का अनुमान लगाने के साथ-साथ साइट की पूरी जानकारी एकत्र करने को कहा गया है। रिपोर्ट में आवश्यक जमीन का अधिग्रहण, ब्रिज का डिज़ाइन, सुरक्षा मानकों और मेंटेनेंस मॉडल जैसी सभी जरूरी जानकारियाँ शामिल होंगी।

देश में केवल दो ग्लास ब्रिज, अब झारखंड में भी

वर्तमान में पूरे देश में केवल दो ही ग्लास ब्रिज उपलब्ध हैं। पहला ग्लास ब्रिज सिक्किम के पेलिंग में स्थापित किया गया था और दूसरा बिहार के राजगीर में है। उल्लेखनीय है कि दुनिया में सबसे पहला ग्लास ब्रिज चीन के हेबई प्रांत के एस्ट तैहांग में बनाया गया था, जिसकी तर्ज पर सिक्किम और राजगीर में भी ग्लास ब्रिज का निर्माण हुआ। अब पर्यटकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से झारखंड में भी ग्लास ब्रिज और स्काई वॉक की सुविधा शुरू की जा रही है, जिससे राज्य के पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा। यह पहल राज्य में पर्यटन के क्षेत्र में एक नया मुकाम हासिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।


Read More News

Read More