झारखंड के 18 जिलों में बारिश का अलर्ट: 30 से 40KM प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवा

News Saga Desk

रांची। झारखंड में लगभग 10 दिनों से मौसम में हुए बदलाव के बाद अब मौसम का मिजाज गर्म होने वाला है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में कल तक बारिश के आसार हैं। प्रदेश के पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा जिलों को छोड़कर अन्य 18 जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। इस दौरान बादल भी गरजेंगे। वज्रपात की भी आशंका बनी हुई है।

इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। प्रदेश के 18 जिलों में आज भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने इन 18 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया है कि 7 मई से आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा।

अधिकतम तापमान में आए हैं मामूली बदलाव

राज्य के कई ऐसे जिले हैं, जहां पिछले दो दिनों से मौसम में बदलाव तो हुआ है लेकिन बारिश नहीं हुई है। ऐसे में इन जिलों में अधिकतम तापमान में मामूली बदलाव देखने को मिला है। अभी भी पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, हजारीबाग, बोकारो, पलामू, लातेहार, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, साहिबगंज, पाकुड़ और गोड्डा जैसे जिलों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री से ऊपर है। अन्य जिलों का तापमान सामान्य से कम है।

अब सताएगी गर्मी

मौसम विज्ञान केंद्र रांची की ओर से जारी रिपोर्ट में बताया गया है कि अगले दो दिनों के बाद गर्मी एक बार फिर अपना रूप दिखाएगी। इस दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क रहने वाला है। जिस वजह से तापमान में बढ़ोतरी होगी। दोपहर में तेज धूप और गर्म हवा का असर हो सकता है।

राजधानी का अधिकतम पारा बढ़ेगा

राजधानी रांची के मौसम की बात करें तो आज आंशिक बादल छाए रहेंगे। मेघ गर्जन की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है। 6 मई को आंशिक बादल छाए रहेंगे। मेघ गर्जन की संभावना है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहेगा।

7 मई को भी आसमान साफ रहेगा। मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान तापमान में वृद्धि होगी और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा। वहीं न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है। 8 मई तक आसमान साफ रहेगा और गर्मी सताएगी। अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहने वाला है।


Read More News

Read More