आज से बदलेगा मौसम, 22 मार्च तक बारिश की संभावना, 3 डिग्री तक गिरेगा पारा

News Saga Desk

रांची। भीषण गर्मी की मार झेल रहे झारखंड के लोगों के लिए मौसम विभाग ने अच्छी सूचना जारी की है। मौसम विभाग की रिपोर्ट बता रही है कि झारखंड में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। हालांकि रविवार को बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, सरायकेला खरसावां और जमशेदपुर में कड़ी धूप निकली। रांची में दिन में तेज धूप ने लोगों को परेशान किया। लेकिन, दोपहर 3 बजे के बाद बादल छा गए। इससे राहत मिली। झारखंड में सबसे गर्म चाईबासा जिला रहा। यहां पारा 41 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 6.4 डिग्री ज्यादा है।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के मुताबिक 17-18 मार्च से राज्य के अधिकांश जिले में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान में बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं है। लेकिन, अगले तीन से चार दिन में तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है। राज्य के कुछ इलाकों में गर्म रात की भी स्थिति देखी जा सकती है। भीषण गर्मी के मद्देनजर लोगों को दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। सोमवार को कई जिलों में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलेगी। धूल उड़ने से परेशानियों का सामना भी करना पड़ सकता है।

रविवार को जमशेदपुर, चाईबासा, डालटनगंज व बोकारो थर्मल में हीट वेव की स्थिति देखी गई। सबसे अधिक तापमान 41 डिग्री चाईबासा में रिकार्ड किया गया। रांची में पारा 37 डिग्री, जमशेदपुर में 40 डिग्री, डालटनगंज में 40.7 डिग्री और बोकारो थर्मल में 40.1 डिग्री रिकार्ड किया गया।


Read More News

Read More