सांसद पर धनबाद बमकांड की साजिश का आरोप

News Saga Desk

रांची/धनबाद। धर्माबांध में हिलटॉप ऑउटसोर्सिंग में गुरुवार को हुई हिंसक झड़प के लिए गिरिडीह से आजसू सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी को षड्यंत्रकारी बताया गया है। उन पर यही आरोप लगाते हुए एफआईआर भी की गई है। एफआईआर में लिखा है कि इस घटना में गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने अपने समर्थकों को भड़काया। उन्होंने ही पूरे घटनाक्रम में आपराधिक षडयंत्रकारी की भूमिका निभाई। इस मामले में पुलिस ने पांच अलग-अलग प्राथमिकियां दर्ज की हैं। धर्माबांध ओपी प्रभारी कमलेश कुमार की शिकायत पर दर्ज एफआईआर में गिरिडीह सांसद का जिक्र है। इधर इस पूरी घटना के जांच के आदेश सीएम हेमंत सोरेन ने दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को जांच के निर्देश देते हुए कहा है कि घटना में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जाएगा।

सांसद चौधरी बोले- बीसीसीएल जीएम की कारस्तानी से माहौल बिगड़ा

सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि पुलिस केस से फर्क नहीं पड़ता। रैयतों को हर साल में न्याय दिलाऊंगा। गुंडों के साथ मिलकर बीसीसीएल जीएम ने पूरा खेल रचा। न एग्रीमेंट हुआ और न फॉरेस्ट-इन्वायरमेंट एनओसी मिला, इसके बावजूद हड़बड़ी में आउटसोर्सिंग को चालू कराना चाहा। पूरे मामले के पीछे कोयला चोरी है।

मधुबन थाना प्रभारी भी सस्पेंड, 5 गए जेल

एसएसपी ने धर्माबांध ओपी प्रभारी के बाद मधुबन थाना प्रभारी पिकू प्रसाद को भी निलंबित कर दिया। वहीं, इस मामले में पुलिस ने 17 को हिरासत में लिया था। पूछताछ के बाद वकील शेख खालिद, श्याम कुमार चौहान , रवींद्र यादव, निताई सिंह, हेमंत कुमार ग्याली जेल भेज दिया। झड़प के दौरान गोली से जख्मी इलाजरत सुभाष सिंह को पुलिस कस्टडी में ले लिया गया है।

Read More News

Read More