News Saga Desk
हजारीबाग। हजारीबाग जिले के बरकट्ठा विधानसभा क्षेत्र में महज 2 दिन के भीतर दूसरी बार गोली चलने की घटना सामने आई है। गुरुवार देर शाम गोरहर थाना क्षेत्र के बंडासिंघा शिव मंदिर के पास 30 वर्षीय युवक अनूप यादव को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मिली जानकारी के अनुसार अनूप यादव मंदिर के पास स्थित एक गुमटी में बैठा था, तभी 5 युवक बाइक से पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। युवक को 3 गोलियां पीठ में लगीं। परिजन उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, फिर गंभीर हालत में आरोग्यम अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। अनूप यादव ने पुलिस को बताया कि हमलावरों में शशांक, विक्रांत, उमरांत, हरिओम और सचिन पांडे शामिल थे। उसका कहना है कि सरस्वती पूजा के दिन स्कूल में जुलूस के दौरान छेड़खानी की एक घटना को लेकर आरोपियों से बहस हुई थी। तभी से उसे धमकी मिल रही थी।
अनूप के पिता ने बताया कि उस दिन स्कूल में लड़कियों के साथ छेड़खानी हो रही थी, जिसे रोकने पर यह विवाद हुआ। उस समय भी पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन कोई कड़ी कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों का कहना है कि सभी आरोपी हाल ही में जेल से छूटकर आए हैं और इलाके में फिर से दहशत फैलाने में जुटे हुए हैं। कुछ दिन पहले इन लोगों ने हथियार लहराकर लोगों को डराने की कोशिश की थी। इतना ही नहीं, रांची में एक रेंजर के घर लूट की घटना में भी इन्हीं का हाथ बताया जा रहा है। बरही डीएसपी अजीत कुमार विमल ने बताया कि पुलिस हमलावरों को ट्रेस कर रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
No Comment! Be the first one.