हरियाणा में 8 निगमों, 4 परिषदों व 21 पालिकाओं में 2 मार्च को होगा मतदान

News Saga Desk

चंडीगढ़ : हरियाणा में निकाय चुनाव की घोषणा हो गई है। राज्य के निकाय चुनाव दाे चरणाें में हाेंगे। पहले चरण में 2 मार्च को सात नगर निगमों, चार नगर परिषदों तथा 21 नगर पालिकाओं के चुनाव एक साथ करवाए जाएंगे। मतदाता सूची में देरी के कारण पानीपत नगर निगम का चुनाव दूसरे चरण में 9 मार्च काे हाेगा।

हरियाणा के चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने मंगलवार को चंडीगढ़ में चुनाव कार्यक्रम का ऐलान करते हुए बताया कि प्रदेश में फरीदाबाद, गुरुग्राम, मानेसर, पानीपत, हिसार, करनाल, रोहतक व यमुनानगर नगर निगम तथा गुरुग्राम जिले में पटौदी, कुरूक्षेत्र जिले में थानेसर, सिरसा तथा अंबाला छावनी नगर परिषदों में चुनाव होंगे।

इसके अलावा बराड़ा, बवानी खेड़ा, लोहारू, भिवानी, जाखल मंडी, फरूखनगर, नारनौल, बेरी, जुलाना, कलायत, सीवन, पुंडरी, इंद्री, नीलोखडेड़ी,अटेली मंडी, कनीना, तावडू, हथीन, कलानौर, खरखौदा तथा रादौर नगर पालिकाओं के चुनाव भी एक साथ होंगे।

धनपत सिंह ने बताया कि अंबाला तथा सोनीपत में मेयर के विधायक बनने के बाद यहां पर मेयर पद के लिए उपचुनाव करवाए जाएंगे। गुरुग्राम जिले के सोहना में नगरपालिका अध्यक्ष पद का उपचुनाव होना है। इसी प्रकार जींद जिले में सफीदों, करनाल में असंध, तरावड़ी, कुरुक्षेत्र में इस्माईलाबाद, लाडवा में उपचुनावों का आज ही ऐलान किया गया है।

चुनाव आयुक्त ने बताया कि उक्त सभी क्षेत्रों में मंगलवार से ही चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। जिसके चलते यहां के लिए अब कोई नई घोषणा, किसी नई योजना की आधारशिला तथा उदघाटन आदि नहीं किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी 5 फरवरी को अपने-अपने जिलों में चुनाव कार्यक्रमों का ऐलान करते हुए अधिसूचना जारी करेंगे। राज्य की पानीपत नगर निगम को छोडक़र अन्य सभी निकायों में 11 फरवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि पानीपत की मतदाता सूचियां 18 फरवरी को फाइनल होंगी। जिसके चलते वहां पर 21 फरवरी से 27 फरवरी तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी।

मतदाता सूची में विलंब के चलते पानीपत में 9 मार्च काे पड़ेंगे वाेट

प्रदेश के अन्य निकायों के लिए 2 मार्च को और पानीपत नगर निगम में 9 मार्च को मतदान होगा। प्रदेश की सभी निकायों के लिए 12 मार्च को चुनाव परिणाम का ऐलान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए प्रदेशभर में 25 हजार कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा। चुनाव के लिए करीब 4500 बूथ होंगे। जहां दस हजार ईवीएम लगाई जाएंगी।

चुनाव कार्यक्रम

नामांकन प्रक्रिया 11 से 17 फरवरी, नामांकन की जांच 18 फरवरी, नाम वापसी 19 फरवरी , चुनाव चिन्ह आवंटन 19 फरवरी, चुनाव प्रचार 19 से 28 फरवरी, मतदान 2 मार्च काे सुबह आठ से शाम छह बजे तक,

पानीपत नगर निगम

नामांकन प्रक्रिया 21 से 27 फरवरी, नामांकन जांच 28 फरवरी, चुनाव चिन्ह आवंटन 28 फरवरी, चुनाव प्रचार 01 मार्च से 07 मार्च, मतदान 09 मार्च, मतगणना 12 मार्च

Read More News

Read More