झारखंड में ठंड से राहत नहीं, छाया रहेगा कोहरा

News Saga Desk

रांची : झारखंड में इन दिनों ठंड का कहर जारी है। राजधानी रांची में मंगलवार को सुबह कोहरा छाया रहा। धीरे-धीरे मौसम साफ हुआ। रुक-रुक कर चल रही हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है। गुमला, खूंटी और हजारीबाग सहित कई जिलों का तापमान 10 डिग्री से नीचे चल रहा है। शाम में चल रही शीतलहर ने लोगों को घरों में कैद रहने को मजबूर कर दिया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अभी ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। रांची का तापमान एक बार फिर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है। बुधवार को उत्तर पश्चिमी और दक्षिणी पूर्वी भागों में घना कोहरा छाया रह सकता है। राज्य में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट हो सकती है। इसके बाद अगले तीन दिन 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में सुबह घना कोहरा देखने को मिलेगा। इनमें गुमला, सिमडेगा, खूंटी, रांची लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह कोडरमा, हजारीबाग, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़ साहिबगंज और गोड्डा शामिल है। आसमान में बादल साफ रहेगा। आठ और 11 जनवरी को सुबह कोहरा छाया रहेगा। धीरे-धीरे मौसम साफ होगा।

पिछले 24 घंटे में रांची का अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। डाल्टेनगंज का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बोकारो का अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इस संबंध में रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने मंगलवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेंटीग्रेड गुमला में दर्ज किया गया। सबसे अधिक उच्चतम तापमान 29.8 डिग्री सेंटीग्रेड चाईबासा में रहा। पिछले 24 घंटे में राज्य में कहीं-कहीं पर बहुत हल्के दर्जे की वर्षा हुई। राज्य में कहीं-कहीं पर हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा भी देखा गया। सबसे अधिक वर्षा 0.1 एमएम डाल्टनगंज में दर्ज किया गया।

Read More News

Read More