प्रधानमंत्री मोदी ने उद्यमी निखिल कामथ के पॉडकास्ट में भाग लिया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उद्यमी निखिल कामथ के आगामी पॉडकास्ट में अपने राजनीतिक जीवन और व्यक्तिगत विचारों को साझा किया है। यह प्रधानमंत्री मोदी का पहला पॉडकास्ट है। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर निखिल कामथ की पोस्ट का जवाब देते हुए कहा, “मुझे आशा है कि आप सभी इसका उतना ही आनंद लेंगे जितना हमें आपके लिए इसे बनाने में आया।”
लोहरदगा में दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या के दोषी को फांसी की सजा
जिले के बगडू थाना क्षेत्र अंतर्गत अरेया गांव की एक नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या करने के दोषी को जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम सह विशेष न्यायाधीश पॉस्को एक्ट अखिलेश कुमार तिवारी ने फांसी की सजा सुनाई है। अरेया निवासी आरोपित इंदर उरांव (25) को धारा 302 में दोषी पाते हुए फांसी की सजा जबकि पॉस्को एक्ट में सश्रम आजीवन कारावास (मृत्यु पर्यंत) एवं पच्चीस हजार रुपये जुर्माना की सजा दी गई है।
झारखंड से अलकायदा का संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार
अलकायदा के संदिग्ध आतंकी शाहबाज अंसारी को झारखंड की राजधानी रांची से गिरफ्तार किया गया है। चान्हो के चितरी गांव से शुक्रवार को शाहबाज अंसारी को गिरफ्तार किया गया है।
कनाडा के पीएम पद की रेस में चंद्रा आर्या: ट्रूडो और खालिस्तानी आतंक के विरोधी
कनाडा में जस्टिन ट्रूडो के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफे के बाद लिबरल पार्टी के हिंदू नेता चंद्रा आर्या ने पीएम पद के लिए दावेदारी पेश की है। चंद्रा आर्या भारतीय मूल के कनाडाई सांसद हैं। जस्टिन ट्रूडो के इस्तीफे के बाद से लिबरल पार्टी में नया लीडर चुनने का काम शुरू हो गया है।
SIP निवेश पहली बार 26 हजार करोड़ पार: एक साल में 50% बढ़ा
सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान यानी SIP के जरिये म्यूचुअल फंड्स में निवेश लगातार बढ़ रहा है। बीते दिसंबर में पहली बार मासिक SIP 26 हजार करोड़ रुपए से ऊपर निकल गई। दिसंबर 2023 में यह 17,610 करोड़ थी, जो बीते माह 50.25% बढ़कर 26,459 करोड़ रुपए हो गई। इस बीच म्यूचुअल फंड फोलियो भी रिकॉर्ड 22.50 करोड़ तक पहुंच गए।
दिल्ली चुनाव पर भाजपा कोर कमेटी की बैठक: आज आ सकती है दूसरी लिस्ट
दिल्ली चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के घर पर भाजपा कोर कमेटी की बैठक हुई। मीटिंग के लिए नड्डा के घर पर गृह मंत्री अमित शाह पहुंचे। मीटिंग के बाद भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा- मीटिंग में हमें जेपी नड्डा और अमित शाह से संगठन को लेकर जरूरी निर्देश मिले।
रांची एसडीओ और डीएसपी ने बांटे कंबल
राजधानी रांची के सदर एसडीओ उत्कर्ष कुमार और हटिया डीएसपी पीके मिश्रा ने गुरुवार देर रात हटिया रेलवे स्टेशन, यात्री शेड और आसपास के क्षेत्र में बेघर और जरूरतमंदों के बीच कम्बल वितरण किया। दोनों अधिकारियों ने कड़ाके की ठंड को देखते हुए घूम-घूम कर कंबल का वितरण किया। अधिकारियों ने सभी बेघर एवं जरूरतमंदों को ठंड से बचने के लिए उचित सावधानियां बरतने की सलाह दी।
राजद नेता आलोक मेहता के बिहार सहित पूरे देश में 16 ठिकानों पर ईडी की छापेमारी
बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता आलोक कुमार मेहता के 16 ठिकानों पर आज सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की रेड पड़ी है। यह मामला बैंक लोन से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। यह छापेमारी बिहार, दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत 16 ठिकानों पर जारी है।
धनबाद में 30 बम फोड़े, 100 राउंड फायरिंग, डीएसपी रेफर
धनबाद के बाघमारा में हिलटॉप आउटसोर्सिंग पर वर्चस्व को लेकर कंपनी के समर्थकों और रैयतों के बीच हुए खूनी संघर्ष में डीएसपी पुरुषोत्तम कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हैं। रात में उन्हें दुर्गापुर रेफर किया गया है। वहीं, पुलिस इलाके में देर रात तक छापेमारी की। इसमें 4 लोगों को हिरासत में लिया है। गुरुवार को बाबूडीह जंगल में शुरू होने वाली हिलटॉप आउटसोर्सिंग पर वर्चस्व को लेकर कंपनी के समर्थकों और रैयतों के बीच खूनी संघर्ष हुआ था।
झारखंड में 11 से कम हो सकती है ठंड
झारखंड में ठंड का प्रकोप जारी है। सुबह और शाम राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर चल रही है। आसमान के साफ होते ही ठंड का असर भी बढ़ गया है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 11 जनवरी को न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी और लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी।