News Saga Desk
दिल्ली। दिल्ली में हुए 11 करोड़ रुपये के साइबर फ्रॉड मामले में दिल्ली पुलिस ने बिहार के मुजफ्फरपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम चंद्रमणि है और उसे शहर के मिठनपुरा स्थित वीसी लेन से गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह कार्रवाई जमशेदपुर से पकड़े गए शातिरों के इनपुट पर की है। मुजफ्फरपुर पुलिस ने गिरफ्तारी में सहयोग किया है और शातिर साइबर ठगों के नेटवर्क की जांच की जा रही है। जानकारी के मुताबिक जमशेदपुर के शातिरों ने दिल्ली स्पेशल सेल को बताया था कि 11 करोड़ रुपये की ठगी की राशि उन खातों में भेजी गई थी, जिसे चंद्रमणि ने मुहैया कराया था। पूछताछ में यह भी पता चला कि ये रुपये दुबई में बैठे साइबर सरगना एलेक्स को भेजे गए थे। दिल्ली पुलिस चंद्रमणि और जमशेदपुर से गिरफ्तार शातिरों के साथ मुजफ्फरपुर से निकल गई है। गिरफ्तारी से पूर्व, एसडीपीओ टाउन वन सीमा देवी ने भी चंद्रमणि से पूछताछ की थी।
पुलिस के मुताबिक, दिल्ली में एक कंपनी के एकाउंट मैनेजर को साइबर ठगों ने मैसेज भेजकर खुद को कंपनी का मालिक बताकर नया नंबर लेने की जानकारी दी। इसके बाद, दो दिनों बाद उसी नंबर से कॉल कर शातिरों ने एकाउंट मैनेजर से कहा कि वह मीटिंग में व्यस्त हैं और एक नया एकाउंट नंबर भेज रहे हैं, जिसमें दो करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दें। इस तरह से 12 दिनों के भीतर अलग-अलग एकाउंट नंबरों पर साइबर ठगों ने 11 करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए।दिल्ली पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया था और इसके बाद आरोपियों की तलाश में थी। अब चंद्रमणि की गिरफ्तारी से मामले की जांच तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस ठगी की पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।
No Comment! Be the first one.