झारखंड में आज से बदलेगा मौसम का मिजाज:अगले 3 दिन में 7 डिग्री तक गिर सकता है पारा, मौसम विभाग का यलो अलर्ट

News Saga Desk

रांची। बीते कुछ दिनों से झारखंड का मौसम तल्ख हुआ है। भीषण गर्मी ने लोगों के जनजीवन को प्रभावित किया है। प्रदेश का पारा 40 डिग्री या इसके पर जा चुका है। लगभग पूरा राज्य लू की चपेट में है। ऐसे में एक राहत भरी बात यह है कि प्रदेश का मौसम एक बार फिर बदलने वाला है।

राज्य में आज से मौसम का मिजाज बदलने वाला है, हालांकि दोपहर से पहले तक लोगों को भीषण गर्मी झेलनी होगी। दोपहर बाद थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक अगले तीन दिन में अधिकतम तापमान में 3 से 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट बता रही है कि 1 मई तक राज्य में कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इसकी शुरुआत आज दोपहर बाद से होने की पूरी संभावना है। 27 अप्रैल, 28 अप्रैल और 29 अप्रैल को भी हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की बात कही गई है।

आज 12 जिलों के लिए यलो अलर्ट

26 अप्रैल यानी आज राज्य के दक्षिणी और उत्तर पूर्वी हिस्से के 12 जिलों में दोपहर तक भीषण गर्मी रहने वाली है। सुबह से ही उमस भरा दिन रहेगा। दोपहर बाद में गर्जन और वज्रपात की संभावना व्यक्त की गई है। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया है कि इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है।

27 अप्रैल के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किए गए हैं। राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्से जिसमें देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज जामताड़ा में हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर तक रहने वाली है। इस दौरान ओलावृष्टि और वज्रपात की संभावना भी जताई गई है।


Read More News

Read More