सुप्रीम कोर्ट ने दी आसाराम बापू को दि अंतरिम जमानत
राजस्थान की जोधपुर जेल में बंद आसाराम बापू को सुप्रीम कोर्ट ने जमानत दे दी है। कोर्ट ने आसाराम बापू को अंतरिम जमानत दी है।
दिल्ली से बिहार तक भूकंप के झटके: तीव्रता 7.1
मंगलवार सुबह दिल्ली-एनसीआर समेत बिहार और पश्चिम बंगाल में भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक, यह भूकंप 7.1 की तीव्रता का था, जिसका केंद्र नेपाल में बताया जा रहा है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख का आज होगा एलान, देखें कहां से कौन लड़ रहा चुनाव?
दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख का एलान आज (7 जनवरी) को दोपहर में हो जाएगा। चुनाव आयोग आज दोपहर में दो बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव की तारीख का एलान करेगा। इसी के साथ दिल्ली में आचार संहिता लागू कर दी जाएगी। फरवरी में विधानसभा का कार्यकाल खत्म होगा।
भारतीय स्वास्थ्य सचिव का दावा: देश में सांस संबंधी बीमारियों में उछाल नहीं
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने मंगलवार को वर्चुअल मोड में राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के साथ बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें भारत में श्वांस संबंधी बीमारियों की समीक्षा की गई।
प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण और स्वास्थ्य विभागों के प्रयासों ने भारत को टीबी उन्मूलन में ‘अग्रणी’ बना दिया है : जेपी नड्डा
News Saga Desk नई दिल्ली : केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने सोमवार को टीबी मुक्त भारत अभियान-100 दिवसीय सघन अभियान के लिए संबंधित मंत्रालयों के साथ संयुक्त रणनीति बैठक की अध्यक्षता की। विज्ञान भवन में आयोजित टीबी मुक्त भारत अभियान की बैठक में संबंधित 21 मंत्रालयों के सचिव औऱ अधिकारी मौजूद थे। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि जन भागीदारी की भावना के साथ 100 दिवसीय सघन अभियान टीबी उन्मूलन के लिए एकजुट दृष्टिकोण का उदाहरण है, जिसमें विविध हितधारकों की मदद ली जा रही है। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सतत भागीदारी, सक्रिय भागीदारी और राष्ट्रव्यापी प्रतिबद्धता आवश्यक है। अभियान के पहले 30 दिनों में 2 करोड़ से अधिक लोगों की जांच की गई। इनमें से 1.48 लाख नए टीबी मामलों की पहचान की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण और स्वास्थ्य विभागों के प्रयासों ने भारत को टीबी उन्मूलन में ‘अग्रणी’ बना दिया है। उल्लेखनीय है कि 7 दिसंबर, 2024 को भारत क्षय रोग (टीबी) को समाप्त करने की दिशा में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा हरियाणा के पंचकूला में महत्वाकांक्षी 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान का आधिकारिक रूप से शुभारंभ किया था। इस बैठक में शामिल होने वाले सदस्यों में श्रम एवं रोजगार तथा युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया, केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी, जनजातीय मामलों के मंत्री जुएल ओराम, महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा आयुष मंत्रालय (स्वतंत्र प्रभार) राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल शामिल थे। बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, पंचायती राज मंत्रालय, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय सहित भारत सरकार के मंत्रालयों के सचिवों ने भी भाग लिया तथा केंद्रीय स्वास्थ्य एवं कल्याण मंत्रालय, भारी उद्योग एवं इस्पात, महिला एवं बाल विकास, जनजातीय मामले, आयुष, पंचायती राज, शिक्षा, कोयला, रेलवे, खान, संस्कृति और सार्वजनिक उद्यम विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया। बैठक में जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वैश्विक 2030 के लक्ष्यों से बहुत पहले ही 2025 तक देश से टीबी को खत्म करने का आह्वान किया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि “भारत में टीबी के मामलों में 17.7 प्रतिशत की कमी आई है, जो वैश्विक कमी से लगभग दोगुनी है। उपचार कवरेज 53 प्रतिशत से बढ़कर 85 प्रतिशत हो गया है, जबकि टीबी के कारण होने वाली मृत्यु दर में 21.4 प्रतिशत की कमी आई है, जो 28 लाख से घटकर 22 लाख हो गई है।
60 किलो का केक काटकर मनाया पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का जन्मदिन
News Saga Desk शिमला : हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का जन्मदिन सोमवार को उनके समर्थकों ने बड़े धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर जयराम ठाकुर के शिमला स्थित आधिकारिक आवास में 60 किलो का केक काटा गया। इस दौरान जयराम ठाकुर को सुबह से बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। कार्यकर्ताओं ने जमकर पहाड़ी नाटी डालकर पूर्व मुख्यमंत्री के जन्मदिन का जश्न मनाया और बधाई दी। जयराम ठाकुर ने कहा कि अब वह सीनियर सिटीजन हो गए हैं। साथ ही उन्होंने बधाई संदेश के लिए प्रदेश भर की जनता का धन्यवाद किया। जन्मदिवस के मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि अब वह सीनियर सिटीजन हो गए हैं। जीवन के इस पड़ाव पर पहुंचने के लिए वह ईश्वर, देवी-देवताओं और माता-पिता का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता ने संघर्ष भरा जीवन जिया और उन्होंने भी अपने जीवन का एक बड़ा हिस्सा समाज सेवा के लिए लगाया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि वह देवी देवताओं से कामना करते हैं कि जब तक जीवन है तब तक समाज सेवा में वह ऐसे ही रत रहें। जयराम ठाकुर ने प्रदेश भर से मिल रहे बधाई संदेशों के लिए प्रदेश की जनता का धन्यवाद किया। प्रदेश भर से लोग बधाई दे रहे हैं। इसके लिए जनता के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि वह कामना करते हैं जनता का आशीर्वाद ऐसे ही उन पर बना रहे ताकि वह देश और देश की सेवा में इसी प्रकार लगे रहें।
एनआरएमयू नेताओं ने महाप्रबंधक को सौंपा मांग पत्र, सहायक महामंत्री बनने के बाद पहली बार जम्मू पहुंचे शिवदत्त शर्मा का हुआ स्वागत
News Saga Desk जम्मू : नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन जम्मू शाखा द्वारा आज सहायक महामंत्री बनने के बाद पहली बार जम्मू पहुंचे नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन फिरोजपुर मंडल के मंडल मंत्री शिवदत्त शर्मा का यूनियन के अध्यक्ष द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। वंदे भारत एक्सप्रेस से दोपहर पहुंचे शिवदत्त शर्मा का जम्मू शाखा के सदस्यों ने स्टेशन से जुलूस निकाल कर यूनियन ऑफिस तक नारेबाजी के साथ स्वागत किया। यूनियन ऑफिस पहुंचे जुलूस सभा में तब्दील हो गया। वहां मंडल मंत्री शिवदत्त शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया और कहा कि आप सभी ने जो प्यार और विश्वास दिखाया है, उसका हम स्वागत करते हैं। उन्होंने अपने संबोधन में कर्मियों को आ रही समस्याओं पर बात करते हुए कहा कि कोई भी कर्मचारी का काम रुकेगा नहीं। सभी के काम पहले भी हुए हैं और आगे भी होंगे। इसके बाद मंडल मंत्री शिवदत्त शर्मा एक प्रतिनिधिमंडल के साथ उत्तर रेलवे महाप्रबंधक श्री अशोक कुमार वर्मा से मिले और एक मांग पत्र सौंपा। इसमें जम्मू डिवीजन गठन के बाद कर्मचारियों को आने वाली समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इसमें रनिंग स्टाफ, ट्रैकमैन, एस एंड टी, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल सहित अन्य विभागों से जुड़े कर्मचारियों की समस्याओं और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों जैसे जम्मू में पानी की समस्या, सर्दियों में वैली में रह रहे कर्मचारियों की समस्याएं, जम्मू से वैली सेक्शन तक रेलवे आवासों से जुड़े विषय, और कर्मचारियों की ट्रांसफर पोस्टिंग पर करीब पौन घंटे तक बातचीत हुई। महाप्रबंधक ने कहा कि जो भी मुद्दे आपने उठाए हैं, वे सभी महत्वपूर्ण हैं। मैं इन सभी समस्याओं को जल्द से जल्द हल करवाने का प्रयास करूंगा। प्रतिनिधिमंडल में मंडल मंत्री शिवदत्त शर्मा, मंडल अध्यक्ष शैंबर सिंह, शाखा सचिव राजेश शर्मा, शाखा अध्यक्ष हरपाल सिंह, शाखा उपाध्यक्ष रामपाल शर्मा, सत्यार्थ अशोक गुप्ता, अध्यक्ष पठानकोट सुरेश महाजन, मीडिया प्रभारी प्रकाश चंद्र सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
विश्व पटल पर छाई महाकुम्भ की वेबसाइट, 183 देशों के लोग ले रहें जानकारी
News Saga Desk सीएम योगी के डिजिटल महाकुम्भ के संकल्प को साकार कर रही महाकुम्भ की वेबसाइट-महाकुम्भ के करीब आते ही प्रतिदिन लाखों यूजर्स वेबसाइट पर कर रहे विजिट प्रयागराज :- मानवता की अमूर्त विरासत के रूप में प्रसिद्ध सनातन संस्कृति के सबसे बड़े मानव समागम महाकुम्भ को लेकर सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लोगों में जिज्ञासा है। अपनी जिज्ञासा शांत करने के लिए लोग इंटरनेट पर विभिन्न वेबसाइट्स और पोर्टल के जरिए महाकुम्भ के बारे में जानकारी हासिल कर रहे हैं। इस जिज्ञासा का सबसे बड़ा समाधान उन्हें महाकुम्भ की आधिकारिक वेबसाइट ‘‘https://kumbh.gov.in’’पर आकर मिल रहा है। वेबसाइट के आंकड़ों के अनुसार 4 जनवरी तक 183 देशों के 33 लाख से ज्यादा लोगों ने वेबसाइट पर आकर महाकुम्भ के विषय में जानकारी हासिल की है। इन देशों में यूरोप, अमेरिका, अफ्रीका समेत सभी महाद्वीपाें के लोग शामिल हैं। प्रतिदिन लाखों यूजर्स आ रहे वेबसाइट पर महाकुम्भ की वेबसाइट को हैंडल कर रही टेक्निकल टीम के प्रतिनिधि के अनुसार 4 जनवरी तक के डाटा के अनुसार अब तक 33 लाख 5 हजार 667 यूजर्स वेबसाइट पर आ चुके हैं। ये सभी यूजर्स भारत समेत पूरी दुनिया के 183 देशों से हैं। इन 183 देशों में से भी 6206 शहरों से वेबसाइट पर लोग आए हैं और उन्होंने यहां काफी समय भी बिताया है। वेबसाइट पर आने वाले टॉप-5 देशों की बात करें तो पहला नंबर निश्चित रूप से भारत का है, जबकि अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा और जर्मनी से भी लाखों लोग प्रतिदिन वेबसाइट पर आकर महाकुम्भ के बारे में जानकारियां जुटा रहे हैं। टेक्निकल टीम के अनुसार वेबसाइट के शुभारंभ के बाद से बड़ी संख्या में लोग वेबसाइट पर आ रहे हैं। हालांकि, जैसे-जैसे महाकुम्भ करीब आ रहा है वैसे-वैसे यूजर्स की संख्या लाखों में पहुंचती जा रही है। 6 अक्टूबर को सीएम योगी ने किया था वेबसाइट का शुभारम्भ उत्तर प्रदेश की योगी सरकार इस महाकुम्भ को डिजिटल महाकुम्भ के रूप में प्रस्तुत कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई डिजिटल प्लेटफॉर्म्स बनाए गए हैं। इसी में एक महाकुम्भ की आधिकारिक वेबसाइट भी है, जिसका शुभारंभ 6 अक्टूबर 2024 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां प्रयागराज में किया था। इस वेबसाइट पर श्रद्धालुओं के लिए महाकुम्भ से सम्बंधित सभी जानकारियां उपलब्ध कराई गई हैं। इसमें कुम्भ से जुड़ी परंपराओं, कुम्भ की महत्ता, आध्यात्मिक गुरुओं के साथ-साथ कुम्भ पर किए गए अध्ययन की विस्तृत जानकारियां दी गई हैं। यही नहीं, महाकुम्भ के दौरान प्रमुख आकर्षण, प्रमुख स्नान पर्व, क्या करें-क्या नहीं और कलाकृतियों को विस्तार से बताया गया है। इसके अतिरिक्त ट्रैवल और स्टे, गैलरी, क्या नया हो रहा है समेत समूचे प्रयागराज के विषय में बताया गया है।
बीजापुर में नक्सलियों ने सुरक्षाबलों का वाहन ब्लास्ट में उड़ाया
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने जवानों को लेकर जा रहे वाहन को ब्लास्ट कर उड़ा दिया। इस हमले में दंतेवाड़ा DRG के 8 जवान शहीद हो गए।
कांग्रेस ने दिल्ली में सरकार बनने पर महिलाओं को हर माह ढाई हजार रुपये देने का ऐलान किया
नई दिल्ली। विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने दिल्ली में महिला सशक्तिकरण के लिए “प्यारी दीदी योजना” लाॅन्च की।कांग्रेस ने दिल्ली में सरकार बनने पर कर्नाटक की तर्ज पर स्थानीय महिलाओं को “प्यारी दीदी योजना” के तहत ढाई हजार रुपये हर महीने देने का ऐलान किया है।