सेंसेक्स और NIFTY50 में 1% से अधिक की गिरावट
News Saga Desk मुंबई। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन आज यानी 6 जनवरी को सेंसेक्स में 1200 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 77,980 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी 390 अंक की गिरावट है, ये 23,610 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 29 में गिरावट और 1 में तेजी है। निफ्टी के 50 शेयरों में से 48 में गिरावट और 3 में तेजी है। NSE सेक्टोरल इंडेक्स में PSU बैंक सबसे ज्यादा 3.68% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। बाजार में गिरावट के तीन कारण रिजल्ट सीजन निवेशकों को चिंतित कर रहा है। तीसरी तिमाही के अपडेट के बाद एचडीएफसी बैंक लिमिटेड के शेयर 2% गिरकर 1,714 रुपए पर आ गए हैं। इस हफ्ते लगभग 36 कंपनियां अपने तीसरी तिमाही के नतीजे जारी करेंगी। इनमें टीसीएस, डीमार्ट, मोबिक्विक और आईआरईडीए जैसी कंपनियां शामिल हैं। चीन में फैले कोरोना जैसे वायरस का भारत में दूसरा केस मिला है। सोमवार को 3 महीने की बच्ची में ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (HMPV) नाम का संक्रमण मिला। HMPV वायरस खांसने और छींकने से फैलता है। इस वायरस के देश में फैलने की आशंका का असर बाजार पर दिख रहा है। फॉरेन पोर्टफोलियो इन्वेस्टर्स लगातार बिकवाली कर रहे हैं। एनएसडीएल के आंकड़ों से पता चलता है कि जनवरी में अब तक 4,285 करोड़ रुपए की बिकवाली हुई है। केवल 3 जनवरी को विदेशी निवेशकों ने ₹4,227.25 करोड़ के शेयर बेचे। इस दौरान घरेलू निवेशकों (DIIs) ने भी ₹820.60 करोड़ के शेयर खरीदे।
सुबह 4 बजे गिरफ्तार हुए BPSC कैंडिडेट्स प्रशांत किशोर को मिली जमानत
News Saga Desk पटना। पटना के गांधी मैदान में आमरण अनशन पर बैठे जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर को पुलिस ने सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। वो 2 जनवरी की शाम 5 बजे से BPSC अभ्यर्थियों के समर्थन में आमरण अनशन पर थे। थोड़ी देर पहले उनकी पटना सिविल कोर्ट में पेशी हुई। जहां से उन्हें बेल मिल गई। कोर्ट में पेशी के दौरान प्रशांत किशोर ने खुद बहस की। उन्होंने जज को बताया कि किस तरीके से पुलिसिया बर्बरता की गई। कोर्ट से जमानत मिल गई है, लेकिन प्रशांत किशोर लेने के लिए तैयार नहीं हैं। इससे पहले आज सुबह 4 बजे पटना पुलिस ने गांधी मैदान से उन्हें जबरन हटाया। इस दौरान पुलिस को भारी विरोध का सामना भी करना पड़ा। समर्थक का दावा है कि हटाने के दौरान एक पुलिस वाले ने प्रशांत किशोर को थप्पड़ भी मारा और जबरन वहां से उठाकर एंबुलेंस में बैठाया। सुबह-सुबह प्रशांत किशोर को उठाने पहुंची पुलिस का पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध किया। पुलिस ने उनको घसीटकर हटाया और लाठीचार्ज भी किया। फिलहाल धरनास्थल से सभी को हटा दिया गया है। प्रशांत किशोर को पुलिस एंबुलेंस में AIIMS लेकर गई। उन्हें सभी लोगों से अलग कर दिया गया है। पुलिस 4-5 घंटे पीके को एंबुलेंस में लेकर घूमती रही। बाद में फतुहा कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में उनका चेकअप कराया गया। यहां से पुलिस पेशी के लिए लेकर निकली। पटना डीएम चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि प्रशांत किशोर को गिरफ्तार किया गया है। प्रशांत और उनके समर्थक गांधी मैदान पर धरना दे रहे थे। इस जगह पर धरना देने की इजाजत नहीं थी। प्रशांत किशोर की गिरफ्तारी के दौरान क्या हुआ
नमो भारत कॉरिडोर का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन
News Saga Desk नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यू अशोक नगर में 13 किमी. लंबे नमो भारत ट्रेन के साहिबाबाद-न्यू अशोक नगर सेक्शन का उद्घाटन किया। इससे पहले उन्होंने नमो भारत कॉरिडोर के साहिबाबाद स्टेशन पर अधिकारियों से बात कर इसके बार में जानकारी ली। साहिबाबाद आरआरटीएस स्टेशन से न्यू अशोक नगर आरआरटीएस स्टेशन तक नमो भारत ट्रेन में यात्रा की। यात्रा के दौरान उन्होंने स्कूली बच्चों और अन्य लोगों से बातचीत की। इसके अलावा पीएम ने 12,200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पीएम ने दिल्ली मेट्रो फेज-4 के जनकपुरी पश्चिम-कृष्णा पार्क के बीच करीब 1,200 करोड़ रुपये की लागत वाले दो किमी लंबे हिस्से का उद्घाटन किया। इससे पश्चिमी दिल्ली के कृष्णा पार्क, विकासपुरी और जनकपुरी के लोगों को फायदा मिलेगा। इसके अलावा करीब 26 किलोमीटर लंबे रिठाला-कुंडली खंड की आधारशिला भी रखी। यह कॉरिडोर रिठाला को हरियाणा के नाथूपुर (कुंडली) से जोड़ेगा। वहीं, रोहिणी में केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान (सीएआरआई) के नए अत्याधुनिक भवन की आधारशिला भी रखेंगे। इसका निर्माण करीब 185 करोड़ रुपये की लागत से होगा। वहीं, पीएम ने नई दिल्ली के रोहिणी में केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान (सीएआरआई) के लिए नए अत्याधुनिक भवन की आधारशिला भी रखी, जिसका निर्माण लगभग 185 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। आरआरटीएस को दिल्ली के चारों और के शहरों से जोड़ा जाएगा। इससे न केवल लोगों के समय की बचत होगी बल्कि दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण में भी राहत मिलेगी। एनसीआर से दिल्ली में रोजाना आवाजाही करने वाले लोगों के लिए यह किसी वरदान से कम नहीं होगा। मौजूदा समय में आरआरटीएस के फेज-1 में तीन कॉरिडोर प्रस्तावित हैं। जिसमें से दिल्ली-मरेठ कॉरिडोर का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। शेष दो अन्य दिल्ली-अलवर और दिल्ली पानीपत कॉरिडोर पर भी जल्द काम शुरू होगा। वहीं फेज-दो में पांच कॉरिडोर प्रस्तावित हैं। इस तरह से आरआरटीएस के आठ कॉरिडोर के तैयार हो जाने से दिल्ली-एनसीआर में मास ट्रांजिट सिस्टम दुनिया के अन्य शहरों से भी बड़ा हो जाएगा। दिल्ली के चारों ओर 100 किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी प्रमुख शहर आरआरटीएस से जुड़ेंगे। 291 किमी की लंबाई के होंगे तीन कॉरिडोर दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर 82.15 किलोमीटर लंबा है। दिल्ली के हिस्से में 14 किलोमीटर तो यूपी के हिस्से में करीब 68 किलोमीटर है। फेज-1 में प्रस्तावित दो अन्य कॉरिडोर दिल्ली से पानीपत कॉरिडोर की लंबाई 103.02 किमी जबकि वहीं, राजस्थान के अलवर और सराय काले खां के बीच के कॉरिडोर की लंबाई 106 किमी है। दिल्ली से पानीपत और अलवर के कॉरिडोर के निर्माण हो जाने के बाद दिल्ली-एनसीआर में आरआरटीएस की सभी कॉरिडोर की कुल लंबाई 291 किमी से अधिक होगी। बताया जा रहा है कि इन दोनों कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट भी तैयार की जा चुकी है। केंद्र सरकार की हरी झंडी के बाद इस पर काम शुरू किया जाएगा। दिल्ली मेट्रो की कई लाइनों से होगी कनेक्टिविटी मौजूदा समय में दिल्ली मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर आनंद विहार, न्यू अशोक नगर और सराय काले खां मेट्रो स्टेशन से जुड़ा हुआ है। आरआरटीएस के दो अन्य कॉरिडोर भी दिल्ली मेट्रो से जुड़ेंगे। इसमें सराय काले खां से अलवर कॉरिडोर आईएनए, मुनिरका और एयरोसिटी समेत कई मेट्रो स्टेशनों से जुड़ेगा। साथ ही पानीपत जाने वाला कॉरिडोर भी कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के साथ अन्य स्टेशन से जुड़ेगा। अधिकारियों का कहना है कि जरूरत के हिसाब से दिल्ली मेट्रो की कई लाइनों के साथ आरआरटीएस कॉरिडोर जुड़ेंगे। ताकि लोगों की आवाजाही बिना किसी रुकावट के हो सके। शाम 5 बजे से हर 15 मिनट पर मिलेगी नमो भारत ट्रेन नया सेक्शन शुरू होने के बाद शाम पांच बजे से 15 मिनट के अंतराल पर नमो भारत ट्रेन जनता के लिए उपलब्ध होगी। आनंद विहार से मेरठ तक 35 मिनट व न्यू अशोक नगर से मेरठ तक 40 मिनट में पहुंचा जा सकेगा। दिल्ली से मेरठ की दिशा में न्यू अशोक नगर स्टेशन से मेरठ साउथ तक का किराया स्टैंडर्ड कोच के लिए 150 रुपये व प्रीमियम कोच के लिए 225 रुपये है।
HMPV: बेंगलुरु के अस्पताल में 8 महीने की बच्ची पॉजिटिव
News Saga Desk बेंगलुरु। चीन में फैले कोरोना जैसे वायरस का भारत में पहला केस मिला है। वायरस का नाम ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (HMPV) है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बेंगलुरु में 8 महीने की बच्ची पॉजिटिव आई है। सैंपल की जांच बैपटिस्ट अस्पताल में की गई थी। हालांकि कर्नाटक के स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि उन्होंने अपनी लैब में नमूने की जांच नहीं कराई। रिपोर्ट एक निजी अस्पताल से आई है। वायरस से संक्रमित होने पर मरीजों में सर्दी और कोविड-19 जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। इसका सबसे ज्यादा असर छोटे बच्चों पर देखा जा रहा है। इनमें 2 साल से कम उम्र के बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। चीन में HMPV के बढ़ते मामलों के बीच भारत सरकार ने 4 जनवरी को जॉइंट मॉनीटरिंग ग्रुप की बैठक की थी। बैठक के बाद सरकार ने कहा था कि फ्लू के मौसम को देखते हुए चीन की स्थिति असामान्य नहीं है। HMPV वायरस क्या है? HMPV एक RNA वायरस है, जो आमतौर पर सर्दी जैसे लक्षण पैदा करता है। इससे खांसी या गले में घरघराहट हो सकती है। नाक बह सकती है या गले में खराश हो सकती है। इसका जोखिम ठंड के मौसम में ज्यादा होता है। HMPV वायरस कैसे फैलता है? HMPV वायरस खांसने और छींकने से फैलता है। यह वायरस संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से फैलता है। संक्रमित व्यक्ति से हाथ मिलाने, वायरस से संक्रमित किसी वस्तु को छूने से भी यह फैल सकता है। इसके लक्षण संक्रमित होने के बाद 3 से 5 दिनों में दिखने लगते हैं। इस वायरस के लक्षण क्या हैं? इसका सबसे कॉमन लक्षण खांसी और बुखार है। शुरुआत में इसके लक्षण सामान्य वायरल जैसे ही दिखते हैं, लेकिन वायरस का असर अगर ज्यादा है तो निमोनिया और ब्रोंकाइटिस होने का खतरा भी हो सकता है। क्या HMPV कोरोना वायरस की तरह है? HMPV वायरस (Paramyxoviridae Family) और कोरोना वायरस (Coronaviridae Family), दोनों अलग फैमिली का हिस्सा हैं। इसके बावजूद इनमें कई चीजें मेल खाती हैं। रेस्पिरेटरी इलनेस: दोनों वायरस मुख्य रूप से श्वसन तंत्र को प्रभावित करते हैं। ट्रांसमिशन: दोनों वायरस सांस और दूषित सतह के संपर्क से फैलते हैं। लक्षण: दोनों वायरस के लक्षण एक जैसे हैं। इनमें बुखार, खांसी, गले में खराश, घरघराहट और सांस लेने में तकलीफ होती है। वलनरेबल ग्रुप: दोनों वायरस से सबसे अधिक खतरा बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों को होता है। प्रिवेंशन: दोनों वायरस में बचाव के लिए हाथ साफ रखना, मास्क पहनना और सोशल डिस्टेंसिंग महत्वपूर्ण उपाय हैं।
56.62 लाख महिलाओं के खाते में जाएंगे 2500 रुपए
बहुचर्चित मंईयां सम्मान योजना की बढ़ी राशि 2500 रुपए का वितरण आज होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दोपहर 12.30 नामकुम के खोजा टोली स्थित आर्मी ग्राउंड से 56 लाख 61 हजार 791 महिलाओं के खाते में डीबीटी के माध्यम से 2500-2500 रुपए डालेंगे। तैयारियां पूरी हो गई हैं।
प्रकृति को संरक्षित करने में आदिवासी समाज की अहम भूमिका-मुख्यमंत्री
रांची। सोहराय पर्व हमारी सभ्यता व संस्कृति का प्रतीक है। हम सभी प्रतिवर्ष इस पर्व को धूमधाम से मनाते हैं। आदिवासी समाज आज के दिन अनेक रीति-रिवाज के साथ प्रकृति की पूजा करते हैं। आज आदिवासी समाज को अपनी संस्कृति और सभ्यता को बचाने की जरूरत है। सोहराय पर्व के माध्यम से हमसभी एकता एवं सौहार्द का संदेश देते हैं। यह पर्व परिवार एवं प्रकृति से जुड़ा पर्व है। यह एक ऐसा त्योहार है, जिसमें भाईचारा, समानता तथा भाई-बहन का प्रेम झलकता है। उक्त बातें मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज रांची विश्वविद्यालय के दीक्षांत मंडप, मोरहाबादी में आयोजित “सोहराय मिलन समारोह-2025” में कहीं।
रांची में 13 लाख लूट और फायरिंग मामले में तीन महिलाओं समेत आठ आरोपित गिरफ्तार
रांची। शहर के पंडरा ओपी के ओटीसी मैदान में 13 लाख रुपये लूट और फायरिंग मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन महिलाओं सहित आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूट के दो लाख 63 हजार रुपये नकदी, एक पिस्टल लोडेड, एक देशी कट्टा, 12 गोली, एक स्कार्पियो और दो बाइक बरामद किया गया है।
सभी सेक्टर के संतुलित विकास का बजट में रखा जाएगा ध्यान:-मुख्यमंत्री
रांची। यह अबुआ सरकार है । ऐसे में राज्य के सतत, समावेशी और सर्वांगीण विकास के साथ लोगों के कल्याण एवं हितों का संवर्धन करने वाला संतुलित बजट हो , इस पर हमारी सरकार का विशेष फोकस है। इसलिए वित्तीय वर्ष 2025 -26 के बजट को लेकर आपके सुझाव, राय और विचार हमारे लिए काफी मायने रखते हैं, ताकि आपके द्वारा प्राप्त होनेवाले बेहतर सुझावों को आगामी वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में जगह दे सकें।
भाजपा के जीतने पर दिल्ली में बंद नहीं हाेगी जनहित की कोई योजना: प्रधानमंत्री मोदी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को दिल्ली के मतदाताओं से विधानसभा चुनाव में भाजपा को एक मौका देने की अपील की। उन्होंने दिल्लीवासियों को विश्वास दिलाया कि भाजपा के जीतने पर दिल्ली में जनहित की कोई योजना बंद नहीं होगी।
खैनी नहीं देने पर गोली चलाने वाला नाबालिग सहित छह गिरफ्तार
महज एक चुटकी खैनी (तंबाकू) के लिए निर्दोष लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चलाने वाले अपराधी को धनबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इतना ही नही पुलिस ने हथियार के साथ उसके पूरे गिरोह को धरदबोचा है।