News Saga Desk
रांची। जनवरी के अंतिम सप्ताह में प्रदेश में मौसम ने यू-टर्न लिया है। राज्य के अधिकांश हिस्से में आसमान साफ है पर ठंडी हवाएं अपना असर दिखा रही हैं। मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। ठंड ने परेशानी बढ़ा दी है। इधर मौसम विभाग का कहना है कि अभी इस ठंड से राहत मिलने के आसार इस अंतिम सप्ताह में नहीं हैं। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक अगले सुबह प्रदेश के मैदानी हिस्से वाले जिलों में कोहरे का असर रहेगा। दिन में हल्के बादल रहेंगे पर हवा की रफ्तार सामान्य से थोड़ी अधिक रहेगी। इधर, मौसम के यू-टर्न लेने के बाद राज्य के 24 जिले में से 18 जिले का तापमान 10 डिग्री या इससे नीचे आ गया है। 5 जिले ऐसे हैं, जहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री पहुंच गया है। जबकि सबसे कम तापमान वाला जिला बोकारो है। यहां का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री है। जबकि 8 जिले का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री है। मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक एक फरवरी तक सुबह में कोहरा और धुंध का असर रहेगा। इसके बाद आसमान साफ हो जाएगा। दिन में धूप तेज रहेगी, लेकिन हवा की वजह से धूप का खासा असर नहीं दिखने वाला है। ऐसे में अभी आमजन को ठंड और कनकनी वाली हवा का सामना करना पड़ सकता है।
No Comment! Be the first one.