News Saga Desk
छोटे पर्दे की मशहूर अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी इन दिनों अपने प्रोफेशनल करियर से ज्यादा पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में ऐसी खबरें सामने आई थीं कि दिव्यांका और उनके पति विवेक दहिया शादी के नौ साल बाद अलग होने जा रहे हैं। इस खबर ने उनके फैंस को हैरानी में डाल दिया। अब इन अफवाहों पर पहली बार विवेक दहिया ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा कि ऐसी खबरें बेबुनियाद हैं और उनके रिश्ते को लेकर जो भी कहा जा रहा है, वह सच्चाई से कोसों दूर है। विवेक ने कहा कि वे और दिव्यांका एक-दूसरे के साथ हैं और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
विवेक हाल ही में मुंबई में एक कार्यक्रम में पहुंचे। अभिनेता विवेक दहिया ने पत्नी दिव्यांका त्रिपाठी संग तलाक की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “हम इन खबरों का मज़ा ले रहे हैं। दिव्यांका और मैं इन अफवाहों पर खूब हंसे। हम आइसक्रीम खा रहे थे और सोचा अगर ये खबरें और लंबी चलेंगी तो पॉपकॉर्न भी मंगवा लेंगे। मैं खुद वीडियो बनाता हूं और जानता हूं कि क्लिकबेट कैसे काम करता है, लेकिन हमें इस तरह की झूठी खबरों को हवा नहीं देनी चाहिए।” उन्होंने साफ किया कि उनके रिश्ते में सब कुछ ठीक है और वे एक-दूसरे के साथ पूरी तरह खुश हैं।
दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही। 8 जुलाई, 2016 को दोनों ने अपने परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में सात फेरे लिए थे। इनकी पहली मुलाकात टीवी शो ‘ये है मोहब्बतें’ के सेट पर हुई थी, जहां साथ काम करते-करते दोनों की दोस्ती गहराई और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया। शादी के बाद भी दोनों ने एक साथ कई मंचों पर शानदार केमिस्ट्री दिखाई। साल 2017 में इस कपल ने डांस रियलिटी शो ‘नच बलिए 8’ में हिस्सा लिया और दमदार परफॉर्मेंस के दम पर विजेता बने, जिससे फैंस के दिलों में इनकी जोड़ी और भी खास बन गई।
No Comment! Be the first one.