News Saga Desk
झारखंड। झारखंड के रेल यात्रियों के लिए एक खुशखबरी है। रांची से 2 नई ट्रेनों की शुरुआत होने वाली है, जिनमें से एक वंदे भारत एक्सप्रेस होगी। यह वंदे भारत एक्सप्रेस रांची से भगवान जगन्नाथ की नगरी पुरी के लिए चलेगी। इसके अलावा रांची से जयपुर के लिए भी अब एक सीधी ट्रेन चलने वाली है। इसके लिए दक्षिण-पूर्व रेलवे ने रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा है।
इसके संबंध में दक्षिण-पूर्व रेलवे के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि रांची से मदार जंक्शन तक अक्टूबर से दिसंबर 2024 तक चलने वाली स्पेशल ट्रेन पूरी तरह सफल रही थी। इस ट्रेन में यात्रियों की संख्या भी काफी ज्यादा रही, जिससे रेलवे को यह विश्वास हुआ कि इस ट्रेन को फिर से चलाना सही रहेगा। इसी सफलता के आधार पर रेलवे बोर्ड को रांची-पुरी वंदे भारत चेयरकार ट्रेन चलाने का प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका है। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन भारतीय रेलवे की अत्याधुनिक और आरामदायक ट्रेन है, जो लंबी दूरी की यात्रा को सुविधाजनक और आरामदायक बनाती है। फिलहाल, रांची से पटना, कोलकाता और बनारस के लिए वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं। अब रांची से पुरी के लिए भी इस आधुनिक ट्रेन का संचालन जल्द ही शुरू होगा। इसके साथ ही स्लीपर वंदे भारत ट्रेनों के निर्माण का काम भी अंतिम चरण में है। इससे यात्रियों को और भी बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
No Comment! Be the first one.