News saga Desk
गुमला। गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां सनईडीह गांव में पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना बुधवार देर शाम की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय रंगपाल सिंह और उनकी 35 वर्षीय पत्नी चंद्रिका देवी बुधवार को महुआ चुनने गए थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात पर झगड़ा हो गया। गुस्से में आकर रंगपाल सिंह ने कुल्हाड़ी से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी।
पत्नी की हत्या के बाद रंगपाल सिंह ने नजदीक के एक पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह महुआ चुनने गए ग्रामीणों ने पहले चंद्रिका देवी का शव जमीन पर पड़ा देखा और फिर रंगपाल सिंह को पेड़ से लटका पाया। ग्रामीणों ने तुरंत इस घटना की सूचना मृत दंपति के पुत्र और गांव की मुखिया सस्ती देवी को दी। घटना सुदूर और उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र में हुई थी, इसलिए पालकोट पुलिस पूरी सतर्कता के साथ दोपहर में घटनास्थल पहुंची। काफी मश्क्कत के बाद शाम करीब 8 बजे पुलिस शव को लेकर पालकोट पहुंची। थाना प्रभारी राहुल कुमार दसौंधी ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
No Comment! Be the first one.