News Saga Desk रांची। झारखंड में अब गर्मी का असर तेज़ी से बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने 25 अप्रैल तक आसमान साफ और मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई है। सोमवार की सुबह से ही धूप तेज रही और गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया। लोग छाता लेकर और चेहरे को कपड़े से ढंक कर बाहर निकले। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को पूरे राज्य में मौसम साफ और सूखा रहा। मंगलवार को भी मौसम में कोई बदलाव नहीं होगा। अगले दो दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके बाद तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होने की संभावना है।
इन जिलों में हीट वेव का खतरा
23-24 अप्रैल: देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज जिलों में मौसम गर्म और उमसभरा रह सकता है। 25-26 अप्रैल: इन्हीं जिलों में लू (हीट वेव) की स्थिति बन सकती है। गर्मी और तेज धूप के कारण आम लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। खासकर सड़क किनारे ठेला-खोमचा लगाने वाले, सब्जी-फल बेचने वाले और दिहाड़ी मजदूरों को ज्यादा दिक्कत हो रही है। दोपहर में इतनी गर्मी हो रही है कि लोग घरों से निकलने से बच रहे हैं और बाजारों में सन्नाटा छा रहा है।
पिछले 24 घंटे का मौसम अपडेट:
कहीं-कहीं गरज और तेज़ हवा के साथ हल्की बारिश हुई।
सबसे ज्यादा बारिश पूर्वी सिंहभूम के गुराबंधा में 9.2 मिमी दर्ज की गई।
सबसे ज्यादा तापमान डाल्टनगंज में 41.8°C और सबसे कम गुमला में 22.1°C रिकॉर्ड किया गया।
No Comment! Be the first one.