News Saga Desk
रांची। झारखंड में आज भी मौसम का मिजाज बदलेगा। आंधी-बारिश के साथ ओले भी गिरेंगे। गर्जन के साथ वज्रपात होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केन्द्र रांची ने 22 फरवरी को राज्य के 12 जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के अधिकांश जिलों में गर्जन के साथ वज्रपात की संभावना जताई गई है। कुछ जिलों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। इधर, पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश खूंटी के तोरपा में 82.2 एमएम दर्ज की गई। गुरुवार से राज्य में बारिश हुई है। बारिश होने के बाद कई जिलों का अधिकतम तापमान 7 डिग्री तक गिर गया था। हालांकि, सबसे अधिक उच्चतम तापमान सरायकेला -खरसावां का 35.6 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची के नामकुम में 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
कैसा रहने वाला है आज का मौसम
मौसम केंद्र रांची के पूर्वानुमान के अनुसार आज राज्य के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा तथा सरायकेला खरसावां के साथ-साथ देवघर, धनबाद, दुमका, गिरीडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ तथा साहिबगंज में ओलावृष्टि होने की संभावना है। इन्हीं जिलों में ओलावृष्टि के साथ-साथ मेघ गर्जन और तेज हवाओं का झोंका भी चल सकता है।
No Comment! Be the first one.