News Saga Desk
पटना। बिहार विधानसभा में कल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में 2025-2026 का बजट पेश किया गया। इस बजट में वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के लिए 3 लाख 17 हजार करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया। कहा जा रहा है कि बजट में सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। लेकिन इसमें महिलाओं के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं, जो उनके सशक्तिकरण और समृद्धि को सुनिश्चित करेंगे। इस दौरान सरकार ने महिला सशक्तिकरण को अपनी प्राथमिकता बनाते हुए कई नई घोषणाएं की हैं।
ये घोषणाएं हैं शामिल-
1. कन्या विवाह मंडप: बिहार सरकार ने प्रत्येक पंचायत में कन्या विवाह मंडप बनाने की योजना बनाई है। इसमें गरीब कन्याओं के विवाह के लिए न्यूनतम शुल्क पर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस मंडप के संचालन की जिम्मेदारी महिला स्वयं सहायता समूहों को दी जाएगी।
2. महिला हाट: महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अर्बन एरिया में महिला हाट की स्थापना की जाएगी। इसके तहत बिहार के सभी प्रमुख शहरों में महिलाओं के लिए अलग व्यापार स्थान (वेंडिंग जोन) प्रदान किया जाएगा।
3. जिम ऑन व्हील: पटना में महिलाओं के लिए चलंत व्यायामशाला (जिम ऑन व्हील) की शुरुआत की जाएगी। इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किया जाएगा। इसमें प्रशिक्षक केवल महिलाएं होंगी, ताकि महिलाओं को फिटनेस के प्रति प्रेरित किया जा सके।
4. पिंक टॉयलेट: महिलाओं की सुविधा के लिए बिहार के सभी प्रमुख शहरों में पिंक टॉयलेट की व्यवस्था की जाएगी। पहले चरण में 20 पिंक टॉयलेट बनाए जाएंगे, ताकि महिलाओं को साफ और सुरक्षित शौचालय मिल सके।
5. कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल: बिहार सरकार प्रमुख शहरों में कामकाजी महिलाओं के लिए सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण में हॉस्टल बनाएगी। इन हॉस्टलों में महिलाओं को आरामदायक और सुरक्षित आवास मिलेगा, ताकि वे अपने कार्यस्थल पर बेहतर तरीके से ध्यान केंद्रित कर सकें।
No Comment! Be the first one.