News Saga Desk
रांची। झारखंड में पर्व-त्योहार के दौरान इस साल उपद्रव की 7 घटनाएं हुई हैं। इसमें से केवल सरस्वती पूजा के दिन ही 4 घटनाएं हुई। झारखंड पुलिस अब ईद को ध्यान में रखते हुए विशेष सतर्कता बरत रही है। झारखंड पुलिस के स्पेशल ब्रांच ने आगामी ईद को देखते हुए विशेष अलर्ट जारी किया है। स्पेशल ब्रांच की ओर से सभी जिले के डीसी और एसपी को पत्र लिखा है। इस पत्र में स्पेशल ब्रांच ने 4 प्वाइंट्स पर जिलों को अलर्ट रहने और तैयारी रखने को कहा है।
क्राउड मैनेजमेंट और सेक्युरिटी पर अलर्ट
राज्य में 31 मार्च को ईद मनाई जा सकती है। हांलाकि चांद दिखने के अनुसार तारीख में बदलाव हो सकता है। पर ईद को लेकर अलर्ट जारी है। स्पेशल ब्रांच की ओर से भेजे गए लेटर में कहा गया है कि 28 मार्च को सामूुहिक नमाज राज्य के अलग-अलग जगहों पर पढ़ी जाती है। इस दौरान जो बड़ी समस्या आती है वह ट्रैफिक होती है। इसके अतिरिक्त सुरक्षा को लेकर परेशानी आती है। त्योहार के लिए यह दिन काफी खास होता है, ऐसे में इस मौके पर विशेष निगरानी और सतर्कता बरतने की जरूरत है। त्योहार के दौरान भीड़ जमा होती है। असामाजिक तत्व भी सक्रिय हो जाते हैं। ऐसे में विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।
इन बिंदुओं पर ध्यान रखने की जरूरत
स्पेशल ब्रांच ने जिन बिंदुओं पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा है, उसमें मस्जिदों के आसपास ट्रैफिक, सोशल मीडिया पर निगरानी, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और शांति समिति की बैठक शामिल है। कहा गया है कि किसी भी तरह की अनहोनी से निपटने के लिए मस्जिदों के आसपास पुलिस और ट्रैफिक पुलिस को प्रतिनियुक्त करने की जरूरत है। सोशल मीडिया पर निगरानी के साथ ही आपत्तिजनक पोस्ट की मॉनिटरिंग और पोस्ट करने वालों पर कार्रवाई करें। असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखें। थाना स्तर शांति समिति की बैठक करें। वहीं मुस्लिम समाज के लोगों, संघ और संगठनों से भी बातचीत करें। बैठक करें।
No Comment! Be the first one.