News Saga Desk
रांची। झारखंड में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। हालांकि आज प्रदेश में सरहुल का त्योहार मनाया जा रहा है। मौसम विभाग ने बताया है कि आज मौसम साफ रहने वाला है। धूप का असर रहेगा। आज पूरे दिन आसमान साफ और मौसम शुष्क रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। अच्छी खबर ये है कि 2 अप्रैल से बारिश की संभावना है। बारिश हुई तो तापमान में गिरावट आने की संभावना है और गर्मी से राहत भी मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, दो से चार अप्रैल तक राज्य के कई जिलों में बारिश होगी।
इन जिलों में बारिश की संभावना
जिन जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, उनमें रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा शामिल हैं। इन जिलों में बारिश के साथ-साथ 50 से 60 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी। गर्जन और वज्रपात की भी संभावना है। मौसम विभाग ने 12 जिलों में आंधी और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। 5 अप्रैल से आसमान फिर साफ रहेगा।
24 घंटे में सबसे गर्म रहा बोकारो जिला
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को किसी भी जिले का तापमान 40 पार नहीं हुआ। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस बोकारो में रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सबसे कम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस हजारीबाग का दर्ज किया गया। 24 घंटे में रांची का अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अगले 24 घंटे में राज्य भर में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बदलाव आ सकता है।
छह जिलों का तापमान 37 डिग्री पार
सोमवार को छह जिलों का तापमान 37 डिग्री पार रहा। बोकारो में अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री, सरायकेला में 38.2 डिग्री, डालटनगंज में 37.8 डिग्री, जमशेदपुर में 37.5 डिग्री, गोड्डा में 37.5 डिग्री और चाईबासा में 37.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, चतरा में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और हजारीबाग में 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
No Comment! Be the first one.