News Saga Desk
रांची। झारखंड में 18 अप्रैल तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने कई जगहों पर बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मंगलवार को झारखंड के दक्षिण-पूर्वी, आसपास के मध्य और उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में कहीं-कहीं ओले गिरने, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है। इस दौरान हवाएं 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। पिछले 24 घंटे में कुछ जगहों पर गरज और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे ज्यादा 24.8 मिमी बारिश खूंटी जिले के तोरपा में हुई। अधिकतम तापमान सरायकेला में 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान खूंटी में 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
आज यहां हो सकती है बारिश
चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गिरिडीह, देवघर, पाकुड़, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची, खूंटी, सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में आज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके अगले दो दिनों में इसमें 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। वहीं, 16 और 17 अप्रैल को राज्य के पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर शेष भाग में कहीं-कहीं पर गर्जन और तेज हवा के झोंका के साथ वज्रपात की संभावना है। 18 को भी राज्य के कई हिस्सों में ऐसा ही मौसम रह सकता है।
No Comment! Be the first one.