डिजिटल अरेस्ट : बैंक मैनेजर के पिता से 15 लाख की ठगी
NEWS SAGA DESK झांसी, 05 जनवरी (हि.स.)। मोंठ थाना क्षेत्र में एक बैंक मैनेजर के पिता को डिजिटल अरेस्ट कर 15 लाख रुपये की ठगी कर ली गयी। साइबर ठगों ने सीबीआई अधिकारी बनकर वीडियो कॉल किया और मनी लांड्रिंग का केस दर्ज होने की धमकी देकर 26 घंटे तक डिजिटल अरेस्ट रखा। मामला सुलटाने के नाम पर 15 लाख रुपये की मोटी रकम ऐंठ ली। कई दिनों तक इस सदमे में गुमसुम रहने के बाद जब पीड़ित ने बेटे को जानकारी दी तो बैंक मैनेजर के होश उड़ गए। अब जाकर पिता की तहरीर पर साइबर पुलिस ने केस दर्ज करके मामले की पड़ताल शुरू की। मोंठ के पाडरी गांव निवासी रघुवीर सिंह बड़े जमींदार हैं। उनका बेटा मध्य प्रदेश में बैंक शाखा प्रबंधक है। रघुवीर ने पुलिस को बताया कि 12 दिसंबर की सुबह तीन अलग-अलग नंबरों से उनके पास कॉल आई। फिर व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल आयी। फोन उठाया तो ऑफिस में एक व्यक्ति बैठा था। सायरन भी बज रहा था। वह कहने लगा कि मुंबई से सीबीआई अधिकारी आदित्य राठौर बोल रहा हूं। आपके खिलाफ सीबीआई ने मनी लांड्रिंग के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। आपके खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी हो गया है। उसने मुझे एक नोटिस भी भेजा। फिर कहा कि जब तक पूछताछ पूरी न हो जाए, तब तक घर से बाहर न निकलें। फर्जी सीबीआई अधिकारी ने कुछ देर बाद मामला निपटाने का ऑफर रख दिया। इस दौरान बाहरी व्यक्ति से बात करने पर गिरफ्तारी करने की भी धमकी दी। धमकाने पर रघुवीर उसकी बात मानने को राजी हो गए। डरा-धमकाकर साइबर जालसाज ने 15 लाख रुपये रघुवीर से वसूल लिए। पूरी रकम अलग-अलग खातों में रघुवीर ने ट्रांसफर कर दी। रघुवीर घर में डरे-सहमे से रहने लगे। परिजनों के पूछने पर कई दिनों बाद उन्होंने पूरी बात बताई। यह सुनकर परिजन सन्न रह गए। जिसका बेटा लोगों को साईबर ठगों से सावधान रहने का पाठ पढ़ाता नहीं थकता था, उसी के पिता को ही साइबर अपराधियों ने डिजिटली अरेस्ट कर ठग लिया। इस संबंध में साइबर थाना प्रभारी रविंद्र यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की पड़ताल शुरू कर दी गई है।
छत्तीसगढ़ में पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या, सेप्टिक टैंक में मिला शव
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पुलिस ने एक ठेकेदार के परिसर में सेप्टिक टैंक से एक लापता पत्रकार का शव बरामद किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
आदित्यपुर में बंद पड़े 5 फ्लैट को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों की चोरी का अनुमान
जमशेदपुर से सटे औद्योगिक नगरी सरायकेला जिला के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बार फिर से बड़ी घटना को अंजाम दिया है।
रांची के इस इलाके में 2 युवकों ने लगाई फांसी, डिप्रेशन में थे दोनों
राजधानी रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में अलग-अलग इलाकों में 2 युवकों ने आत्महत्या कर ली। दोनों ने ही अपने-अपने कमरे में फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली।
फतेहाबाद में शराब ठेकेदार पर फायरिंग के दाे आराेपी हथियार समेत काबू
सीआईए फतेहाबाद पुलिस ने भूना क्षेत्र से दो युवकों को भारी मात्रा में हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवकों की पहचान सुशील कुमार उर्फ शीलू पुत्र बेदी व सन्नी पुत्र औमप्रकाश निवासी वार्ड नं. 11 भूना के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 7 अवैध पिस्तौल व 20 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। दाेनाें युवक शराब ठेकेदार पर फायरिंग करके जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित थे, जो कुख्यात बदमाश विक्रम गैंग से लंबे समय से जुड़े हुए हैं। इनमें सुशील उर्फ शीलू गैंग के सरगना का खामस-खास
पलामू में 1368 अपराधी और 29 नक्सली गिरफ्तार : एसपी
NEWS SAGA DESK पलामू, ।पलामू पुलिस के लिए साल 2024 उपलब्धियों से भरा रहा। इस वर्ष जिले में शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा और लोकसभा का चुनाव भी संपन्न कराया गया। नशा तस्करों के खिलाफ भी पुलिस का अभियान तेज रहा। अभी भी पुलिस पोस्ता की खेती नष्ट करने के लिए कार्रवाई कर रही है। 47 देसी, तीन ऑटोमेटिक हथियार और 1132 गोलियां बरामद की गयी। 11.33 किलो अफीम और 64 किलो से भी अधिक गांजा भी जब्त किये हैं। 2024 में पुलिस ने 100 एकड़ से अधिक जमीन पर लगी पोस्ता की खेती को भी नष्ट की है। 29 अपराधियों के खिलाफ सीसीए लगा, जबकि 26 अपराधियों को गुंडा घोषित किया गया है। 33 फरार अपराधियों के खिलाफ पुरुस्कार की राशि भी घोषित की गई है। 3381 मामले फिर पलामू में दर्ज हुए तो वहीं पलामू पुलिस ने 2853 मामलों में अनुसंधान पूरा कर लिया है। इस दौरान पुलिस ने 3630 वारंट का निष्पादन किया है। वहीं, 83 कुर्की और 355 स्थाई वारंट की भी कार्रवाई हुई है। मंगलवार को जिले की एसपी रीष्मा रमेशन ने एक साल का लेखा जोखा प्रस्तुत करते हुए अपनी उपलब्धियां बतायी। उन्होंने कहा कि साल 2024 पलामू पुलिस के लिए बेहतर रहा। इस वर्ष 37 अपराधियों को जहां सजा दिलायी गयी, वहीं 1368 अपराधी और 10 लाख के इनामी माओवादी सीता राम रजवार सहित 29 नक्सली गिरफ्तार किए गए। एसपी ने बताया कि सात नशा तस्करों को जहां सजा दिलवायी गयी है, वहीं 21 हत्या के अभियुक्तों को सजा हुई है। पॉक्सो के चार, रंगदारी के एक, लूट के दो, आर्म्स एक्ट के दो अपराधियों को सजा मिली है। पलामू जिले में पहली बार लोकसभा और विधानसभा चुनाव में सीआरपीएफ का इस्तेमाल नहीं किया गया। पिछले तीन दशक के दौरान यह पहली बार हुआ। चुनाव हिंसामुक्त हुआ और किसी बूथ पर रिपोलिंग नहीं हुई। दोनों चुनाव कुछ महीने के अंतराल पर हुए थे।
हथियार और चोरी की बाइक के साथ एक गिरफ्तार
NEWS SAGA DESK रांची, । शहर की चान्हों थाना पुलिस ने हथियार और चोरी की बाइक के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। इसके पास से एक रिवाल्वर और एक बाइक बरामद की गयी है। चान्हो थाना प्रभारी चंदन कुमार गुप्ता ने मंगलवार को बताया कि एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि चान्हो थाना के झिबरी मोड़ के पास कुछ नवयुवक अवैध हथियार के साथ संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हैं। एसएसपी के निर्देश पर छापेमारी कर एक युवक अब्बास आलम को गिरफ्तार किया गया। वह लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के पंडरा का रहने वाला है। छापेमारी के दौरान अंधेरे और झाड़ी का लाभ उठाकर एक नवयुवक भागने में सफल रहा। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
खलारी में तीन हाईवा को जलाने का आरोपित गिरफ्तार, हथियार भी बरामद
NEWS SAGA DESK रांची, । खलारी पुलिस ने तीन हाईवा को जलाने के साथ मजदूरों से मारपीट एवं फायरिंग करने वाले एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान बंटी कुमार के रूप में हुई है और वो खलारी के गुलजार बाग का ही रहने वाला है। इसके खिलाफ खलारी थाने में तीन अलग-अलग मामले दर्ज हैं। इसके पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा गोली और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। डीएसपी रामनारायण चौधरी ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि 22 दिसंबर को तीन हाइवा में आग लगाने और फायरिंग एवं मजदूरों के साथ मारपीट करने का मामला दर्ज हुआ था। साथ ही चतरा के पिपरवार थाना क्षेत्र में भी आलोक गिरोह के जरिये एक हाइवा जला दिया गया था। पुलिस लगातार इस संबंध में छापेमारी और अनुसंधान कर रही थी। इसी क्रम में सूचना गुप्त सूचना मिली कि पुरनीराय स्थित निर्मल चौक के समीप आगजनी घटना में शामिल एक अपराधी को हुटाप मोड़ के समीप देखा गया है। डीएसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हुटाप के पास से बंटी कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। डीएसपी ने बताया कि आरोपित की निशानदेही पर मामले में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर ली गयी है। उनके विरुद्ध लगातार छापेमारी की जा रहा है। इनलोगों ने मिलकर “आलोक जी” नाम का गिरोह बनाया है और उसी नाम से लगातार खलारी, पिपरवार, मैक्लुस्कीगंज, केरेडारी, बुढमू और आस-पास के क्षेत्रों में जान मारने और गाड़ी जलाने की धमकी देकर रंगदारी की मांग की जा रही है।
झारखंड में वर्ष 2024 में 971 साइबर ठग गिरफ्तार
NEWS SAGA DESK रांची,। झारखंड में वर्ष 2024 में अब तक 971 साइबर ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है जबकि साईबर अपराध से संबंधित कुल 1295 मामले दर्ज हुए हैं। इनमें 2118 मोबाईल फोन, 2905 सिम कार्ड, 606 एटीएम कार्ड, 165 विभिन्न बैंको के पासबुक, 45 विभिन्न बैंको के चेकबुक, 52 लैपटॉप, 12 चार पहिया वाहन, 70 अन्य वाहन के साथ आठ करोड़ 17 लाख 84 हजार 714 रुपये बरामद किये गये हैं। यह जानकारी मंगलवार को पुलिस मुख्यालय में आईजी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता एवी होमकर ने संवाददाता सम्मेलन में दी। उन्होंने बताया कि साइबर ठगों से 77 लाख 20 हजार 513 रुपये फ्रिज किये गये हैं। साथ ही साईबर अपराध की रोकथाम के लिए प्रतिबिम्ब एप का सार्थक प्रयोग करते हुए वर्ष 2024 में राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 274 कांड प्रतिवेदित हुए। इन कांडों में कुल 898अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए कुल 2501 सिम कार्ड, 1774 मोबाईल फोन बरामद कर जब्त किये गये। इसके अतिरिक्त कुल 66.43 करोड़ रूपये फ्रीज किया गया और तीन करोड़ 27 लाख 93 हजार 77 पीड़ित को उपलब्ध कराई गई। 244 नक्सली गिरफ्तार, मुठभेड़ में नौ मारे गये आईजी अभियान एवी होमकर ने बताया कि नक्सलियों के खिलाफ झारखंड पुलिस को इस वर्ष बड़ी कामयाबी मिली है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में कुल 244 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें एक सैक सदस्य, दो जोनल कमान्डर, छह सब जोनल कमान्डर, छह एरिया कमान्डर शामिल हैं। साथ ही वर्ष 2024 में अब तक 24 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है, जिसमें चार जोनल कमान्डर, एक सब जोनल कमान्डर, तीन एरिया कमान्डर और एक सदस्य शामिल हैं। होमकर ने बताया कि इसके अतिरिक्त वर्ष 2024 में पुलिस मुठभेड़ में नौ नक्सली मारे गये है। इनमें सिंगराई उर्फ मनोज, कांदे होनहगा, रादुंग बोदरा, बुधराम मुण्डा, सूर्या उर्फ मंता देवगन, सपनी हांसदा, हरेन्द्र गंझू, ईश्वरी गंझू, जंगा शामिल हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष-2024 में अब तक नक्सलियों से कुल 123 हथियार बरामद किये गये, जिसमें पुलिस से लुटा गया 35 हथियार एवं रेगुलर हथियार सात और देशी हथियार 81 शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 5234 गोली, विस्फोटक पदार्थ 246.40 किलोग्राम और 13.39 लाख रुपये लेवी की राशि की बरामदगी की गयी तथा नक्सलियों के जरिये बिछाये गये 239 आईईडी को बरामद कर विनिष्ट किया गया। मादक पदार्थ मामले में 1362 गिरफ्तार आईजी अभियान ने बताया कि वर्ष 2024 में पुलिस की ओर से मादक पदार्थ की रोकथाम का सार्थक प्रयास करते हुए प्रभावी नियंत्रण लगाया गया है। इस संबंध में राज्य में कुल 788 मामले दर्ज हुए है। इस मामले में 1362 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही 1407.1 किलोग्राम अफीम, 18.290 किलोग्राम ब्राउन शुगर, 36.45 ग्राम हेरोइन, 4251.2 किलोग्राम गांजा, 55333.54 किलोग्राम डोडा, नशे के लिए प्रयुक्त किए जाने वाले 7115 टैबलेट, 4434 कैप्सूल, 10222 बोतल कफ सिरप, 1720 पीस इंजेक्शन बरामद किये गये है। साथ ही एक करोड़ 82 लाख 51 हजार 950 रुपये बरामद किया गया। इसके अलावा 3974.985 एकड़ की भूमि में लगे अवैध अफीम की खेती को विनष्ट किया गया है।
एकतरफा प्रेम में लड़की का अपहरण करने का प्रयास, छह गिरफ्तार
NEWS SAGA DESK कोडरमा,। एकतरफा प्रेम में लड़की का अपहरण करने के प्रयास में छह लोग गिरफ्तार किये गये हैं। साथ ही देसी कट्टा और गोली बरामद किया गया है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने सोमवार को बताया कि 29 दिसंबर को उन्हें सूचना मिली थी कि मरकच्चो थाना क्षेत्र के गगरेसिंगा में हथियार के बल पर एक लड़की का अपहरण करने का प्रयास किया गया है। इस मामले में मरकच्चो थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम के द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो वाहन से भाग रहे छह अपराधियों को पकड़ा गया। पकड़े गए अपराधियों से पूछताछ करने पर मामला एक तरफा प्रेम प्रसंग का पाया गया। अपराधी के जरिये हथियार के बल पर लड़की का अपहरण कर शादी करना चाह रहे थे। जबकि अपराधी पूर्व से शादीशुदा है एवं उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई है। मुख्य अपराधकर्मी मनोज कुमार सिन्हा पीड़िता की दीदी का देवर है। पकड़े गए अपराधी दीपू कुमार सिन्हा के पास से एक जिंदा गोली, मनोज कुमार सिन्हा के पास से दो चिली पाउडर स्प्रे एवं पकड़े गए अपराधियाें के निशानदेही पर एक देसी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद किया गया। इस मामले में पुलिस के जरिये गिरिडीह के देवरी निवासी मनोज कुमार सिन्हा, गिरिडीह के गांवा निवासी अभय कुमार, बिहार के नालंदा निवासी चंदन कुमार , दीपू कुमार सिन्हा, अमित राज , रितिक कुमार काे गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा गोली, एक स्कॉर्पियो पांच मोबाइल और रेड चिल्ली स्प्रे की दो बोतल बरामद किया है।